नई दिल्ली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार भारी दबाव में नजर आया। वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स 516 अंक टूटकर 77,328 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 150 अंक गिरकर 24,176 के स्तर पर पहुंच गया। बैंकिंग शेयरों में बिकवाली के चलते निफ्टी बैंक भी 736 अंक लुढ़क गया। बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों को बड़ा झटका लगा और बीएसई का कुल मार्केट कैप घटकर 473.46 लाख करोड़ रुपये रह गया। इससे एक ही दिन में निवेशकों की करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू साफ हो गई।
बीएसई टॉप-30 शेयरों में सबसे बड़ी गिरावट भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में दर्ज की गई। एसबीआई का शेयर 6 प्रतिशत से अधिक टूटकर 1019 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा HDFC बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी करीब 2 प्रतिशत तक कमजोरी रही। पीएसयू बैंक सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहा, जबकि ऑयल एंड गैस, मेटल और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली देखी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा।
वहीं डॉलर के मुकाबले रुपये में भी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर वैश्विक बाजारों और कुछ कंपनियों के खराब तिमाही नतीजों ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया।







