Search
Close this search box.

एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ, बलिया में 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

बलिया । पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय में कदम का पौधा लगाकर की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा तथा उपस्थित पत्रकारों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में इस वर्ष 6 लाख 16 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी विकास खंडों, तहसीलों और ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देने का संकल्प है।

इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें