वाराणसी । समाजसेवी, महानगर कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं रोहनिया विधानसभा प्रभारी शशि कुमार सोनकर ने देश की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज देश अनेक गंभीर चुनौतियों और खतरों से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में हम सभी नागरिकों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा, क्योंकि देश सुरक्षित रहेगा तभी हम सभी सुरक्षित रहेंगे।
शशि कुमार सोनकर ने कहा कि देश की संपत्तियों और संसाधनों को जिस तरह निजी हाथों में सौंपा जा रहा है, वह आम जनता के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से देशहित में पारदर्शी और जनहितकारी नीतियां अपनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा नहीं की गई तो देश का भविष्य अंधकारमय हो सकता है। उन्होंने मुकुल जी द्वारा उठाई गई आवाज का समर्थन करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवाज उठाना आवश्यक है, तभी देश में अमन-चैन कायम रह सकता है।
अंत में उन्होंने कहा—“वंदे मातरम्, भारत माता की जय, जय हिंद।









