बलिया। जनपद के जिला कोषागार परिसर में वरिष्ठ जिला कोषाधिकारी आनंद दुबे के नेतृत्व एवं देखरेख में श्री संगणक न्यायेश्वर महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन, हवन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के लिए जनपद के प्रतिष्ठित ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कर पूर्णाहुति दी। इस अवसर पर श्री दुबे की धर्मपत्नी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नव निर्मित महादेव मंदिर का अनावरण किया। मंदिर परिसर के समीप ‘आनंद उपवन’ नामक एक सुंदर पार्क का भी निर्माण कराया गया है, जहां पेंशनरों के बैठने, टहलने और शांत वातावरण में समय व्यतीत करने की व्यवस्था की गई है। पार्क में विभिन्न प्रकार के फूलों, पौधों एवं दुर्लभ प्रजातियों के वृक्ष लगाए गए हैं। इनमें एक विशेष जापानी प्रजाति का आम का पेड़ भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर वरिष्ठ जिला कोषाधिकारी आनंद दुबे ने जनपद के मीडिया कर्मियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। परिसर में स्थापित वैदिक संदेश एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े लेखन सनातन परंपराओं को जीवंत करने का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








